रांची में आज डूरंड कप का आगाज : सीएम हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन,जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर एफसी के बीच मुकाबला
रांची:राजधानी रांची में आज एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप का आगाज होने जा रहा है. मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आज शाम सीएम हेमंत सोरेन इस टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन से पहले भव्य रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा. इसमें आर्मी बैंड, फ्लाइपास्ट और स्काइ डाइविंग और झारखंड के पारंपरिक लोकनृत्य जैसे कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे. भारतीय नौसेना प्रमुख, सेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि 3:40 से 4:00 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचेंगे. टूर्नामेंट 26 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा.
एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट, 135वें डूरंड कप के रांची चरण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. डूरंड कप पर आधारित विशेष ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखायी जायेगी. डूरंड कप की विशेष फिल्म, फीफा एंथम, खिलाड़ियों का मैस्कॉट्स के साथ मैदान में प्रवेश, मुख्य अतिथि से परिचय, सामूहिक फोटो और पारंपरिक सेरेमोनियल किक की रस्म निभायी जायेगी.
उद्घाटन समारोह के समापन के बाद शाम 5 बजे टूर्नामेंट के रांची चरण के पहले मुकाबले की शुरुआत होगी. टूर्नामेंट में रविवार शाम पांच बजे से जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) और श्रीलंका की डिफेंडर एफसी के बीच मैच खेला जायेगा. इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, एससी दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और डिफेंडर्स एफसी (श्रीलंका सशस्त्र बल) शामिल हैं. आयोजकों ने दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की है, ताकि वे पूरे उद्घाटन समारोह का आनंद ले सकें.





