रांची: राजधानी रांची में दिल्ली के कथित वाहन चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांके थाना क्षेत्र के सुहाना सिटी में दिल्ली पुलिस और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चोरी की दो थार और चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। हालांकि,कार्रवाई के दौरान गिरोह का मुख्य आरोपी समीर अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
GPSकी मदद से रांची पहुंची दिल्ली पुलिस
जानकारी के अनुसार,दिल्ली पुलिस चोरी हुए वाहनों की तलाश मेंGPSलोकेशन के आधार पर रांची के कांके स्थित सुहाना सिटी पहुंची थी। इसके बाद स्थानीय कांके थाना पुलिस के सहयोग से इलाके में संयुक्त छापेमारी की गई।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी समीर अंसारी घर के पिछले दरवाजे से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश में आसपास के इलाके और धान के खेतों में छानबीन की,लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
फर्जी पहचान पत्र से वाहन किराये पर लेने का आरोप
प्रारंभिक जांच में आरोप है कि गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर ट्रैवल एजेंसियों से वाहन किराये पर लेते थे। इसके बाद वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उनकी असली पहचान छिपाने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए वाहनों को आगे बेचने या कबाड़ में खपाने की योजना हो सकती थी। हालांकि,इस संबंध में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
संयुक्त छापेमारी के दौरान छह वाहन बरामद किए गए हैं,जिनमें दो थार और चार मोटरसाइकिल शामिल हैं। मुख्य आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के दस्तावेजों और गिरोह के कथित नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ वाहन चोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

