बिहार क्लब परिसर में जुटे चित्रांश परिवार के लोग,शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक भाई भोज का होगा आयोजन
रांची: राजधानी रांची में कायस्थ समाज की ओर से विभिन्न स्थानों पर भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की जा रही है। इस अवसर पर शहर के बिहार क्लब परिसर में भी चित्रांश परिवार के लोगों ने विधि-विधान के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की।
पूजा के दौरान कर्म और लेखन के प्रतीक कलम-दवात की विशेष रूप से आराधना की गई। समाज के लोगों ने भगवान चित्रगुप्त से ज्ञान, शांति, समृद्धि और कलम की शक्ति प्रदान करने की कामना की। पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त को मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। कायस्थ समाज के लोग इस दिन विशेष रूप से कलम और दवात की पूजा कर अपनी परंपरा और संस्कृति का निर्वहन करते हैं।
पूजा-अर्चना के बाद शाम को विभिन्न पूजा स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक भाई भोज का भी आयोजन होगा, जिसमें समाज के लोग एक-दूसरे से मिलकर पर्व की खुशियां साझा करेंगे।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

