रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इस बार चोरों ने पुलिस विभाग में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर के बंद घर को ही निशाना बना डाला। चुटिया थाना क्षेत्र के सुजाता पटेल कंपाउंड में अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने पहुंचे अपराधियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ने की कोशिश की। हालांकि,उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

हजारीबाग में तैनात सब-इंस्पेक्टर के बंद घर में चोरी

जानकारी के अनुसार,हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का घर चुटिया थाना क्षेत्र के सुजाता पटेल कंपाउंड में स्थित है। घर बंद होने का फायदा उठाकर तीन से चार अपराधी वहां पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।

CCTVकैमरा तोड़ने की कोशिश,फुटेज से खुलासे की उम्मीद

बताया जा रहा है कि घर में प्रवेश करते ही अपराधियों ने सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश की,ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके। हालांकि,वारदात से जुड़ी गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस औरFSLटीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL)की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस चोरी गए सामान का आकलन करने और वारदात में शामिल अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

राजधानी में पुलिस विभाग के एक अधिकारी के घर में चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर कितनी जल्दी आरोपियों तक पहुंचती है और चोरी की इस वारदात का खुलासा करती है।

रांची से नैयर की रिपोर्ट