Hindi News / किराये के भवन में संचालित हो रहे एक तिहाई से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र

रांची : किराये के भवन में संचालित हो रहे एक तिहाई से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र

Edited By:  |
ranchi ranchi

रांची:रांची जिले में एक तिहाई से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किराये के भवन में किया जा रहा है. यह हम नहीं, जिला समाज कल्याण विभाग के आंकड़े बता रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार, जिले में संचालित 1820 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सरकारी भवनों में किया जा रहा है, जबकि 1017 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किराये के भवन में किया जा रहा है.

समाज कल्याण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार,मनरेगा अभिसरण से संबंधित आंकड़ों के तहत रांची जिले के 18 प्रखंडों में साल 2016 से 2020 तक नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए फेज-1 के तहत 130 और फेज-2 के तहत 137 अर्थात कुल 267 स्थल चिह्नित किए गए. इनमें से 188 केंद्रों को निर्माण कार्य पूरा हो चुका है,जबकि 79 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य जारी है. इस प्रकार,अब तक राहे प्रखंड में 110 प्रतिशत, खलारी, बुंडू, बुढ़मू, चान्हो और ओरमांझी प्रखंड में 100 प्रतिशत, अनगड़ा और नगड़ी प्रखंड में 83 प्रतिशत, सोनाहातू प्रखंड में 78 प्रतिशत, नामकुम प्रखंड में 73 प्रतिशत, मांडर प्रखंड में 70 प्रतिशत, कांके प्रखंड में 67 प्रतिशत, तमाड़ प्रखंड में 65 प्रतिशत, सिल्ली प्रखंड में 64 प्रतिशत, रातू प्रखंड में 59 प्रतिशत, बेड़ो प्रखंड में 52 प्रतिशत और ईटकी प्रखंड में 50 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है.

वहीं,वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा अभिसरण के तहत स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या 200 थी,जिसमें से 120 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करा दिए गए हैं.शेष 80 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित किए जा रहे हैं.