होमगार्ड में ड्यूटी दिलाने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत, शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल और रंगेहाथ दबोचा
पलामूःभ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) पलामू ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने होमगार्ड कार्यालय में पदस्थापित मुंशी साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड कार्यालय में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार मुंशी साकेश कुजूर पर होमगार्ड जवानों को ड्यूटी दिलाने के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी आवंटित कराने के एवज में कई लोगों से 10-10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। इसी दौरान एक शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर एसीबी से इसकी शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजनाबद्ध तरीके से एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुंशी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई है और उससे पूछताछ सहित आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड जवानों को ड्यूटी आवंटित करने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि ड्यूटी देने के नाम पर पैसे मांगे जा रहे थे, तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल है। अब जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी अकेले इस कथित वसूली में शामिल था या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी है। फिलहाल एसीबी की कार्रवाई से भ्रष्टाचार में संलिप्त सरकारी कर्मियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
पलामू से नीतेश रंजन की रिपोर्ट

