सीएम हेमंत का तोहफा : स्वास्थ्य विभाग के 262 कर्मियों को नियुक्ति पत्र,सीएम बोले-दायित्व को इमानदारी पूर्वक निभाए
रांची:सचिवालय सभागार में बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य विभाग के नव नियुक्तों को नियुक्ति पत्र सौंपा. कुल 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी नवनियुक्तों को बधाई दी.
नव नियुक्तों सरकार की सौगात
नव नियुक्तों में 151 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर, 56 फूड सेफ्टी ऑफिसर, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं. मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने कुछ अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपा. सीएम ने कहा कि अस्पतालों के बेहतर संचालन में हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर की भूमिका भी डॉक्टरों जितनी महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी कर्मियों को याद दिलाया कि उन्हें मिलने वाला वेतन जनता के पैसे से दिया जाता है, इसलिए सभी को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए.
अभ्यर्थियों कोमुख्यमंत्री ने किया संबोधिता
कार्यक्रम में 262 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के कुल आमदनी का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा राज्य के कर्मचारीयों के वेतन वगैरह में खर्च हो जाता है. इसलिए राज्य के हर कर्मचारी को जो भी दायित्व उन्हें सौंपा गया हो उसे उन्हें इमानदारीपूर्वक निभाना चाहिए.
झारखंड को स्वस्थ राज्य बनाने का लक्ष्य-डॉ.इरफान अंसारी
वहीं, इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड को स्वस्थ राज्य बनाना है. इसके लिए वह राज्य में स्वास्थ्य के आधारभूत संरचना और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि 151 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति से दूर-दराज के इलाकों में बेहतर इलाज उपलब्ध होगा. वहीं, 56 नए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी मजबूत होगी.स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में लगभग 1200 डॉक्टरों और 7500 एएनएम-जीएनएम कर्मियों की नियुक्ति भी की जाएगी. साथ ही 13 हजार अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत का आंकलन किया जा रहा है.





