पटना:बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद जेडीयू के भीतर राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने मोकामा विधायक अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए उनके खिलाफ पार्टी की संभावित कार्रवाई के संकेत दिए हैं. नीरज कुमार ने कहा कि राजनीति में उनकी तबीयत खराब होने वाली है. पार्टी कब कार्रवाई करेगी,यह उन्हें नहीं पता,लेकिन कार्रवाई100प्रतिशत होगी.
शनिवार को मीडिया से बातचीत में नीरज कुमार ने पटना स्नातक सीट पर अपनी जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म हो गया है और उनके कार्यकर्ताओं की जीत हुई है. उन्होंने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके संस्कार,प्रभाव और कार्यकर्ताओं के प्रति स्नेह ने रिकॉर्ड कायम किया है.
अनंत सिंह ने किया था विरोध
एमएलसी चुनाव के दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच राजनीतिक विवाद लगातार चर्चा में रहा. अनंत सिंह ने पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार का समर्थन करने के बजाय जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया था. उन्होंने नीरज कुमार को चुनाव में हराने का दावा भी किया था.
नीरज कुमार ने इस दौरान राजनीति में अपराधीकरण और आपराधिक छवि के प्रभाव पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श में अपराधियों की पहचान बनना दुर्भाग्यपूर्ण है. उनके अनुसार,जनता ने इसके खिलाफ बौद्धिक जनादेश दिया है,जिसका असर आने वाली राजनीति में दिखाई देगा.
अनंत सिंह कार्रवाई के लिए तैयार
दूसरी ओर,अनंत सिंह ने पहले ही कहा था कि नीरज कुमार का विरोध करने पर यदि पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करती है,तो वह इसके लिए तैयार हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि वह चाहते हैं कि पार्टी उन पर कार्रवाई करे.
अब सभी की नजरें27अक्टूबर को होने वाली मतगणना और जेडीयू के अगले कदम पर टिकी है. चुनाव परिणाम से पटना स्नातक सीट की तस्वीर साफ होगी,जबकि पार्टी के भीतर नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद का आगे क्या रुख होगा,यह भी महत्वपूर्ण रहेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
