ड्रोन की मदद से चलाया गया सर्च ऑपरेशन,टीम को देखते ही मौके से फरार हुए अवैध शराब कारोबारी;उत्पाद विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
हाजीपुर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार जारी है। इस पर लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में वैशाली जिले के महनार दियारा इलाके में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया, जबकि मौके पर मिली 2650 लीटर देसी शराब को नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, महनार के दियारा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। उत्पाद इंस्पेक्टर बीपी सिंह के नेतृत्व में टीम जैसे ही दियारा इलाके में पहुंची, अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया। टीम को देखते ही कई लोग मौके से फरार हो गए।
ड्रोन से की गई दियारा इलाके की निगरानी
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने ड्रोन की मदद से दियारा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध शराब बनाने के लिए संचालित एक दर्जन से अधिक भट्टियों का पता लगाया गया। टीम ने सभी चिह्नित अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। वहीं, मौके पर बरामद करीब 2650 लीटर देसी शराब को नष्ट कर दिया गया।
शराब माफियाओं की पहचान में जुटा विभाग
उत्पाद इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने बताया कि उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर दियारा इलाके में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब की भट्टियां संचालित करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब कारोबार पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि महनार दियारा इलाके में अवैध शराब निर्माण और कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए लगातार छापेमारी और निगरानी अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद विभाग की नजर अवैध शराब कारोबार से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की पहचान पर है।
हाजीपुर से रिशभ कुमार की रिपोर्ट

