RANCHI : झारखंड में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होने जा रहा है। झारखंड स्थापना दिवस समारोह में राष्ट्रपति शिरकत करेंगी। मुख्य समारोह को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।14 नवंबर को उनका विमान देवघर एयरपोर्ट पर उतरेगा जहां से वह रांची आएंगी। राष्ट्रपति 15 नवंबर को खूंटी के उलिहातू जाएंगी। वहां भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। खूंटी में सुरक्षा के मद्देनजर एंटी ड्रोन सिस्टम को इंस्टॉल किया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के मद्देनजर मोरहाबादी मैदान में बड़ा स्टेज बनाया गया है। लोगों के लिए शेड लगाया जा रहा है। दोनों तरफ हाइलोजन बल्ब लगाए जा रहे हैं। नीचे हरी दरी बिछाई जा रही है। महामहिम के स्वागत में सड़क किनारे दीवारों पर पेंटिग बनाई जा रही है।पथ निर्माण विभाग और रांची नगर निगम द्वारा सड़कों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्य करा रहा है। एयरपोर्ट से रातू रोड होते हुए गवर्नर हाउस तक की सड़कों को खूबसूरत बनाने का काम हो रहा है।डिवाइडरों पर रंग रोगन किया जा रहा है। सड़क किनारे पेड़ों की कटाई और साफ-सफाई नगर निगम के द्वारा की जा रही है।

उधर राष्ट्रपति कि सुरक्षा को देखते हुए एनएसजी की एंटी ड्रोन सिस्टम को खूंटी के उलिहातू में इंस्टॉल किया गया है। यहां भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था उन्हें राष्ट्रपति श्रद्धांजलि अर्पित करेंगीं। यह इलाका चारों तरफ घने जंगलों और पहाड़ों से घिरा हुआ है। इस इलाके में नक्सलियों की चहलकदमी हमेशा रही है ऐसे में एक तरफ जहां राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर एंटी ड्रोन सिस्टम को एक्टिव किया गया है तो साथ ही एंटी नक्सल ऑपरेशन भी चलाए जा रहे है।बता दें कि एनएसजी का एंटी ड्रोन प्रणाली नक्सल प्रभावित राज्यों के अलावा जम्मू-कश्मीर में बेहद प्रभावी रहा है।