मचा हड़कंप : DEO कार्यालय सासाराम में विशाल कोबरा, सपेरे ने सांप को सुरक्षित पकड़ा, लोगों ने ली राहत की सांस
रोहतास : सासाराम शहर के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित जिला शिक्षा कार्यालय (DEO Office) में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यालय परिसर के भीतर एक विशालकाय कोबरा सांप देखा गया. काले नाग को देखते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और अपने कार्य के लिए पहुंचे लोग कुछ देर के लिए सहम गये.
डीईओ ऑफिस में विशाल कोबरा को देखकर कोई दूर से वीडियो बनाते देखे गए तो वहीं कामकाज पर कुछ पल के लिए ब्रेक लग गया. सांप काफी बड़ा और आक्रामक था. जैसे ही सांप डीईओ कार्यालय परिसर में दिखा,कार्यालय के कमरों में मौजूद लिपिक और अन्य कर्मचारी शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे. आनन-फानन में पूरे कार्यालय का काम-काज ठप हो गया और लोग दूर से ही सांप की गतिविधियों पर नजर रखने लगे.
सपेरे ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को किया रेस्क्यू
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तत्काल एक स्थानीय सपेरे को वहां बुलाया. इसके बाद सपेरे ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद विशाल कोबरा को अपने कब्जे में लिया. जब सपेरे ने सांप को पकड़ा,तब जाकर कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली. अचानक सांप निकलने से कार्यालय में डर का माहौल बन गया था. गनीमत रहा कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और समय रहते सपेरे की मदद से इसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
दरअसल झाड़ियों और पुराने भवनों के कारण डीईओ कार्यालय परिसर में इस तरह खतरा बढ़ा रहता है. आसपास उगी झाड़ियों और पुराने निर्माणों के कारण अक्सर जहरीले जीव-जंतु निकलने का खतरा बना रहता है. फिलहाल,पकड़े गए कोबरा को सपेरा अपने साथ ले गया है,जिसे बाद में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा.





