लखनऊ : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं पहुंचकर रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की.

लखनऊ में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी को लेकर लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उनका आभार जताया. चिराग पासवान ने कहा कि पापा की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनका स्वयं उपस्थित होकर श्रद्धांजलि देना उनके और पूरे परिवार के लिए अत्यंत सम्मान का क्षण है.

लखनऊ में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रामविलास पासवान के बीच का रिश्ता केवल सार्वजनिक जीवन तक सीमित नहीं था, बल्कि उसमें व्यक्तिगत स्नेह, सम्मान और आत्मीयता भी थी. उन्होंने अपने और परिवार की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त किया.

लखनऊ में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में देशभर से रामविलास पासवान और लोजपा के समर्थक एवं चाहने वाले बड़ी संख्या में शामिल हुए. उत्तर प्रदेश के भी कई प्रमुख नेता और दिग्गज कार्यक्रम में मौजूद रहे. कार्यक्रम में रामविलास पासवान के प्रति लोगों की भावनात्मक जुड़ाव और सम्मान साफ तौर पर देखने को मिला.

वहीं बिहार से भी बड़ी संख्या में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोग कार्यक्रम में पहुंचे. बिहार के कई विधायक, विधान पार्षद, सांसद और मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे. लोजपा (रामविलास) के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को व्यापक राजनीतिक और भावनात्मक स्वरूप दिया.

रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके राजनीतिक योगदान और सामाजिक सरोकारों को याद किया गया. देशभर से पहुंचे समर्थकों और नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया.

अंकिता की रिपोर्ट--