Hindi News / SIR प्रगति का लिया जायजा,कहा-मतदाता सूची में न कोई पात्र छूटे न जुड़े...

लोहरदगा पहुंचे के.रवि कुमार : SIR प्रगति का लिया जायजा,कहा-मतदाता सूची में न कोई पात्र छूटे न जुड़े अपात्र नाम

Edited By:  |
lohardaga pahuchey mukhya nirwachan padadhikari lohardaga pahuchey mukhya nirwachan padadhikari

लोहरदगा:झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया. नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर बीएलओ एवं बीएलए-2 के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत आयशा कच्छी उर्दू बालिका विद्यालय स्थित बूथ संख्या 272, 273 एवं 274, रहमत नगर स्थित एकता छात्रावास के बूथ संख्या 260 एवं 261 तथा ईमली चौक स्थित सामुदायिक भवन के बूथ संख्या 259 में आयोजित बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठकों में भाग लिया। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मतदान केंद्र स्तर पर मतदाता सूची के अद्यतन एवं सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

बैठक के दौरान रवि कुमार ने बीएलओ एवं विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 प्रतिनिधियों से कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, वहीं अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जाएं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बीएलओ द्वारा तैयार की गई एएसडीडी सूची का गहन सत्यापन किया जा रहा है। इस सूची में ऐसे मतदाताओं को शामिल किया गया है जो अनुपस्थित हैं,अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं,जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की जांच पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे व्यक्ति जिन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता ग्रहण कर ली है अथवा भारत में निवास करने के बावजूद भारतीय नागरिकता प्राप्त नहीं की है, उनका नाम भारतीय मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जा सकता। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भारतीय नागरिकता से संबंधित विधिक प्रावधानों का पालन अनिवार्य है।

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ से संवाद करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि बीएलओ एवं बीएलए-2 की अगली बैठक 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बीएलए-2 प्रतिनिधि एएसडीडी सूची के संबंध में अपने सुझाव एवं मंतव्य प्रस्तुत करेंगे तथा संबंधित सूची उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपील की ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।

के.रवि कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए-2 से मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाने, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की महत्ता को समझाने तथा किसी भी प्रकार की भ्रांतियों एवं अफवाहों को दूर करने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में जनभागीदारी और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है।

भ्रमण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ द्वारा एसआईआर कार्य, एएसडीडी सूची, मतदाता मैपिंग एवं अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने सभी बीएलओ को निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना, पीडी आईटीडीए-सह-वरीय पदाधिकारी (निर्वाचन) सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, ईआरओ-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, एईआरओ-सह-कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मुक्ति किड़ो, अंचल अधिकारी आर.एन. खलखो, संबंधित बीएलओ, बीएलए-2 प्रतिनिधि, वोलेंटियर्स तथा निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.