लोहरदगा में खूनी संघर्ष : पारिवारिक विवाद में पिता और पत्नी की हत्या,तीन वर्षीय बेटी गंभीर
लोहरदगा: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष में तब्दिल हो गया. सनकी बेटे ने अपने पिता, पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया है. इस जघन्य वारदात में पिता और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस हिरासत में आरोपी
मृतकों की पहचान सुरेंद्र उरांव (60 वर्ष) और सुजाता उरांव (27 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, घायल बच्ची रियांशी (3 वर्ष) का इलाज जारी है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी बेटे संदीप उरांव (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है.
पारिवारिक विवाद में उतारा मौत के घाट
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था. विवाद इस हद तक बढ़ गया कि संदीप उरांव ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर सबसे पहले अपने पिता सुरेंद्र उरांव पर हमला कर दिया. पिता को मौत के गाट उतारने के बाद उसने पत्नी सुजाता उरांव पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया. इतना ही नहीं,आरोपी ने अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी रियांशी को भी नहीं बख्शा और उस पर जानलेवा हमला कर दिया.
घटना की भयावहता देख ग्रामीणों के उड़े होश
हमले के बाद घर के अंदर चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. जब तक लोग पहुंचे, तब तक सुरेंद्र उरांव और सुजाता उरांव की मौत हो चुकी थी. जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची खून से लथपथ हालत में तड़प रही थी. घटना की भयावहता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
जिंदगी और मौत से लड़ रही तीन वर्षीय मासूम
घटना की जानकारी मिलते ही भंडरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने गंभीर रूप से घायल मासूम रियांशी को अपनी गोद में उठाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया.
आरोपी से पूछताछ की जारी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है,हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
मानसिक तनाव,घरेलू कलह से परेशान थासंदीप उरांव
ग्रामीणों के अनुसार संदीप उरांव का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य लग रहा था. गांव के लोगों ने बताया कि वह अक्सर चिड़चिड़ा रहता था और घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी. हालांकि, घटना के पीछे मानसिक तनाव, घरेलू कलह या अन्य कोई कारण है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. इधर, गांव में मातम पसरा हुआ है.
भंडरा थाना पुलिस कर रही कार्रवाई
भंडरा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. यह घटना न केवल एक परिवार को तबाह कर गई, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.





