शराब और जुए की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी नगर थाना पुलिस,बालगुदर गांव के सहनी टोला में हुआ हंगामा
लखीसराय: बिहार के लखीसराय से बड़ी खबर सामने आई है। यहां अहले सुबह छापेमारी करने पहुंची नगर थाना पुलिस की टीम पर ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में नगर थाना के एसआई त्रिभुवन ठाकुर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

शराब और जुए के खेल की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालगुदर गांव के सहनी टोला में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शराब और जुए का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम अहले सुबह छापेमारी करने के लिए मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला।

SIत्रिभुवन ठाकुर का फटा सिर,महिला पुलिसकर्मी समेत पांच घायल
पथराव की इस घटना में नगर थाना के एसआई त्रिभुवन ठाकुर के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया। वहीं, महिला पुलिसकर्मी रुचि कुमारी, पुलिसकर्मी अमित कुमार और जितेंद्र कुमार समेत अन्य जवान भी घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। इस दौरान पथराव में पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा,12लोग गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पथराव के मामले में सहनी टोला से कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस पर हमले के बाद इलाके में बढ़ी हलचल
शराब और जुए की सूचना पर की गई पुलिस छापेमारी के दौरान हुए इस हमले ने इलाके में हलचल बढ़ा दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


लखीसराय से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट