Hindi News / रांची के रिम्स में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल का...

JHARKHAND NEWS : रांची के रिम्स में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल का हुआ आयोजन

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

रांची : राजधानी रांची के रिम्स में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन को लेकर बड़ी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. डेंटल सेंटर के पास आयोजित इस अभ्यास में आग लगने जैसी आपात स्थिति का वास्तविक प्रदर्शन किया गया. मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपदा के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित रेस्क्यू सुनिश्चित करना था.

रिम्स निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा की पहल और कर्नल जे.के. सिंह के संचालन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में झारखंड पुलिस के एसएपी के पूर्व सैनिक,होम गार्ड के जवान और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया. टीम ने आग लगने की स्थिति में रेस्क्यू,घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और राहत कार्य का लाइव प्रदर्शन किया.

मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद डॉक्टरों,कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों को भी आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई. खास बात यह रही कि रिम्स में भर्ती बच्चों को भी इस अभ्यास का हिस्सा बनाया गया,ताकि वे भी आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देना सीख सकें. कर्नल जे.के. सिंह ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल लोगों को आपदा के समय घबराने के बजाय सही निर्णय लेने और बचाव कार्य में सहयोग करने का प्रशिक्षण देती है. वहीं निदेशक डॉ. डी.के. सिन्हा ने कहा कि रिम्स में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे,ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

रिम्स में आयोजित इस मॉक ड्रिल के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि आपदा के समय घबराने की नहीं, बल्कि प्रशिक्षण और समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करने की जरूरत होती है. अस्पताल प्रशासन का मानना है कि नियमित मॉक ड्रिल से आपातकालीन तैयारियां और अधिक मजबूत होगी.

रांची से नैयर की रिपोर्ट--