JHARKHAND NEWS : गिरिडीह में ईद मिलादुन्नबी पर फ्लैग मार्च, डीसी-एसपी ने दिया शांति और भाईचारे का संदेश
गिरिडीह :ईद मिलादुन्नबी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गिरिडीह में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला. डीसी रामनिवास यादव एवं एसपी डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में निकले मार्च में एसडीएम धीरेंद्र कुमार,एसडीपीओ जितवाहन उरांव,डीएसपी,थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे.
अधिकारियों ने बड़ा चौक, मुस्लिम बाजार, मौलाना आजाद चौक, कालीबाड़ी, टावर चौक सहित प्रमुख इलाकों का भ्रमण कर लोगों से शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की. डीसी ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस-प्रशासन को जानकारी देने की अपील की. एसपी ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई गई है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.





