मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रांची में DC कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की.

भूत की पोशाक पहनकर पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता भूत की पोशाक पहनकर भी पहुंचे. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे जीवित हैं, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है. इसी के विरोध में उन्होंने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया.

ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी के कारण बड़ी संख्या में लोगों के नाम प्रभावित हुए हैं. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है.

कांके विधायक ने उठाई इस्तीफे की मांग

कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने कहा कि अगर आज चुनाव आयोग के खिलाफ इस्तीफे की मांग नहीं की गई, तो आने वाले समय में लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होंगे. उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की. DC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया.