कोडरमा: झारखंड विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कोडरमा में एक अनोखी पहल की गई है. तीन दिवसीय पुस्तक मेला के साथ निर्वाचन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है.

कोडरमा में वोटरों को जागरुक करने हेतु पुस्तक मेला के साथ निर्वाचन उत्सव का आयोजन

चलो चलें अब आई है अपनी बारी,हम सबको मिलकर निभानी है अपनी जिम्मेदारी,बेकरी की मिठास,बदलाव का एहसास,एक एक वोट के साथ. दीपोत्सव के साथ मतोत्सव मनाने की पुरजोर तैयारी इन दिनों कोडरमा में की जा रही है. झुमरी तिलैया स्थित ब्लॉक मैदान में तीन दिवसीय पुस्तक मेला कर निर्वाचन उत्सव एक साथ मनाया जा रहा है,ताकि13नवंबर को कोडरमा विधानसभा के लिए होने वाले मतदान में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके.

रविवार यानि 27 अक्टूबर से शुरू हुआ पुस्तक मेला29अक्टूबर तक चलेगा,जिसके तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी. सारी गतिविधियां मतदाता जागरूकता अभियान को अभियान में रखते हुए आयोजित की जा रही है. पुस्तक मेला में अलग-अलग पब्लिशर की ओर से स्टॉल भी लगाए गए हैं,जहां प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर स्कूल कॉलेज की किताबें और साहित्य उपलब्ध है. बड़ी संख्या में यहां स्कूली बच्चे पहुंचकर इसका लाभ ले रहे हैं,साथ ही निर्वाचन उत्सव के तहत आयोजित पुस्तक मेला का हिस्सा बन रहे हैं.

आपको बता दें कि 13 नवंबर को कोडरमा विधानसभा सीट के लिए 429 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोग दीपावली और छठ महापर्व के साथ लोकतंत्र के महापर्व को भी उत्सव के रूप में मनाएं, इसी उद्देश्य के साथ कोडरमा में पुस्तक मेला सह निर्वाचन उत्सव मनाया जा रहा है.