पोटका के बड़ा भूमरी गांव में वारदात, 7लाख रुपये नकद और सोने के गहनों पर किया हाथ साफ;पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। बड़ा भूमरी गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 16 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात में लगभग 7 लाख रुपये नकद और सोने के गहने शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे में घर की खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी खोलकर उसमें रखे नकदी और सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे, जिसके कारण परिवार को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित नयन मंडल और उनकी पत्नी ने बताया कि सुबह जब वे उठे और अलमारी खोली, तो उसमें रखे नकदी और गहने गायब मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आते ही परिवार में हड़कंप मच गया। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस,जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा अन्य तकनीकी माध्यमों की भी मदद ली जा रही है।
गांव में चोरी की घटना से दहशत
एक ही रात में लाखों रुपये की चोरी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चोरी की गुत्थी कब तक सुलझा पाती है।
जमशेदपुर से विनोद केशरी की रिपोर्ट

