Hindi News / अवैध संबंध के आरोप में हुई हत्या मामले में दो गिरफ्तार,अन्य आरोपियों की...

हजारीबाग : अवैध संबंध के आरोप में हुई हत्या मामले में दो गिरफ्तार,अन्य आरोपियों की तलाश जारी

Edited By:  |
hazaribagh hazaribagh

हजारीबाग: कटकमसांडी थाना क्षेत्र के तोरार गांव में अवैध संबंध के आरोप में हुई जगेश्वर भुइयां की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना 6 सितंबर की रात हुई थी. मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. पुलिस की पूछताछ में कथित अवैध संबंध का खुलासा हुआ है.पुलिस ने डिबल बांध गांव के मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार किया.दोनों कटकमसांडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

घटना को लेकर मृतक की पत्नी फुलमति देवी के लिखित आवेदन पर कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 140/26, 7 सितंबर 2026 को धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी.

पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जगेश्वर भुइयां के गांव की ही एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध था. इसी को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि,पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और मोबाइल बरामद किए हैं. मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप के पास से स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

छापेमारी टीम में मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन महथा, कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक फिलीप बारला, सहायक अवर निरीक्षक योगेन्द्र मेहता और कटकमसांडी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.