दो चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा : कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ हुई दो चेन स्नैचिंग की घटनाओं का कोडरमा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है. पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है,जिनमें से एक नाबालिग भी शामिल है.गिरफ्तार आरोपियों में तिलैया के आजाद मुहल्ला निवासी वंश कुमार वर्मा और गया जिले के शिवम कुमार शामिल हैं.
विशेष जांच टीम ने की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने का चेन,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, घटना के समय पहने गए कपड़े, बैग और तीन मोबाइल बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार 23 जून को सुबह वार्ड नंबर-7 की एक महिला और उसी रात वार्ड नंबर-9 की एक अन्य महिला से बाइकसवार अपराधियों ने चेन छीन ली थी. दोनों मामलों में तिलैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम बनाई गई थी.
पुलिस अधीक्षक की सख्त चेतावनी
इस मामले में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि महिला सुरक्षा कोडरमा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. महिलाओं के खिलाफ अपराध, चेन स्नैचिंग, छेड़खानी या किसी प्रकार की दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सीसीए सहित सभी कानूनी प्रावधान लागू किए जाएंगे.
गिरफ्तार आरोपी गैंग बनाकरचेन स्नैचिंग का काम करते थे
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नया गैंग बनाकर लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.





