NH-19 पर ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल; मुंबई से छठ मनाने नवादा लौट रहा था परिवार
औरंगाबाद: छठ महापर्व पर अपनों के बीच घर लौटने की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब बिहार के औरंगाबाद में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक चीख-पुकार मच गई।
खुशिया बदली मातम में
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र के NH-19 पर रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप हुआ। यहां एक ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए।
नवादा के रहने वाले थे मृतक
इस दर्दनाक हादसे में नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास की मौत हो गई। भगवान दास और मासूम रितेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान की औरंगाबाद सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में राजकुमार चौहान की पत्नी किरण कुमारी, उनके साले नीतीश चौहान और स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
मुंबई से छठ मनाने गांव लौट रहा था परिवार
बताया जाता है कि राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। छठ पर्व मनाने के लिए वह अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटे के साथ मुंबई से बस के जरिए बनारस पहुंचे थे। इसके बाद बनारस से नवादा स्थित अपने पैतृक गांव सलेमपुर जाने के लिए उन्होंने स्कॉर्पियो किराये पर ली थी। स्कॉर्पियो में उनके ससुर भगवान दास, साला नीतीश चौहान और परिवार की एक अन्य महिला सदस्य भी सवार थीं। परिवार को उम्मीद थी कि इस बार छठ का त्योहार अपनों के बीच खुशियों के साथ मनेगा, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
ट्रक से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही NHAI की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
अस्पताल में मचा कोहराम,मासूम बेटे का शव देख बिलख उठे परिजन
हादसे की खबर मिलते ही नवादा से मृतकों के परिजन औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। मासूम रितेश का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां और अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब तीन लोगों की मौत से मातम पसरा हुआ है। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
औरंगाबाद से मन्टू कुमार की रिपोर्ट

