फर्जी नंबर से अधिकारियों और आम लोगों को भेजे जा रहे भ्रामक संदेश,जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी; OTPऔर बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील
बोकारो: साइबर अपराधियों ने अब सरकारी अधिकारियों की पहचान का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस अकाउंट के जरिए आम नागरिकों और विभिन्न अधिकारियों को भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, 9739811309 मोबाइल नंबर से उपायुक्त अजय नाथ झा की तस्वीर लगाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त मोबाइल नंबर का उपायुक्त से कोई संबंध नहीं है। उपायुक्त का आधिकारिक मोबाइल नंबर 9470526005 है।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
इस मामले को लेकर जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और सरकारी अधिकारियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले संदेशों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। खासकर यदि कोई व्यक्ति अधिकारी के नाम पर पैसे, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी मांगता है, तो ऐसी मांगों से सावधान रहें। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें।
बोकारो पुलिस कर रही मामले की जांच
फर्जी WhatsApp अकाउंट के जरिए लोगों को संदेश भेजे जाने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। बोकारो पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साइबर अपराधियों की पहचान और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई को लेकर जांच जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अधिकारियों के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर इस तरह की धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित पुलिस अथवा साइबर थाना को दें।
बोकारो से संजीव कुमार की रिपोर्ट

