लोहरदगा में दुष्कर्म मामले पर बयानबाजी : बीजेपी ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
लोहरदगा:हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी क्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष अजय पंकज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है कि वे जघन्य से जघन्य अपराध करने से भी नहीं हिचक रहे हैं,सरकार पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है.
बीजेपी जिलाध्यक्षने आरोप लगाया है कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. जिस प्रकार से मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या की गई, वह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है. अपराधियों ने ना केवल बच्ची के साथ दरिंदगी की, बल्कि उसकी हत्या के बाद उसके शरीर के साथ भी बर्बरता की हद पार कर दी. यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है.
बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कहा कि घटना के छह दिन बीत जाने के बावजूद ना तो मुख्यमंत्री ने इस पर कोई ठोस प्रतिक्रिया दी है ना ही दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है. इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के अंदर इस मामले में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो भारतीय जनता पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी. इसके तहत 2 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंड एवं जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर 3 अप्रैल को लोहरदगा सहित पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया जाएगा.
अजय पंकज ने आम जनता से भी इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा से जुड़ा प्रश्न है. उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा ना हो सके.





