पटना: बिहार में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद बीजेपी और जेडीयू के बीच राजनीतिक तनाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री दिल्ली के तीन दिवसीय दौरे के बाद मंगलवार रात पटना लौटे थे। बुधवार सुबह हुई इस मुलाकात को दोनों दलों के बीच बढ़ती तल्खी के बीच काफी अहम माना जा रहा है।

सीएम ने राजनीतिक विवाद से किया इनकार

हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुलाकात को लेकर किसी राजनीतिक विवाद से इनकार करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नीतीश कुमार को बधाई देने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि बिहार में गाद नीति के निर्माण और नदियों से गाद निकालने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री के मुताबिक,नीतीश कुमार लंबे समय से इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। केंद्र सरकार के निर्देश पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ भी समझौता किया गया है। इससे बिहार में बाढ़ की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।

एमएलसी चुनाव के बाद क्यों बढ़ा विवाद

दरअसल, हालिया एमएलसी चुनाव में जेडीयू के उम्मीदवारों की हार के बाद पार्टी के कुछ नेताओं ने बीजेपी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हारने वाले जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि सहयोगी दल ने गठबंधन धर्म नहीं निभाया। उन्होंने अपने साथ छल होने की बात भी कही।

जेडीयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने चुनाव परिणाम पर जताई थी नाराजगी

वहीं, तिरहुत स्नातक सीट से जेडीयू प्रत्याशी रहे अभिषेक झा ने भी चुनाव परिणाम पर नाराजगी जताई थी। दूसरी ओर, चुनाव में निर्दलीय जीत हासिल करने वाले राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी ने बीजेपी को समर्थन दिया है। दोनों नेताओं के बीजेपी कार्यालय पहुंचने के बाद उनकी सदस्यता को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ था। बंशीधर ब्रजवासी ने बाद में स्पष्ट किया कि उन्होंने बीजेपी की सदस्यता नहीं ली है, बल्कि सदन में समर्थन देने की बात कही है।

इन घटनाक्रमों के बाद जेडीयू और बीजेपी के रिश्तों को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री की नीतीश कुमार से मुलाकात को दोनों दलों के बीच समन्वय बनाए रखने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट