पटना मेट्रो ने अपने परिचालन का एक वर्ष पूरा कर लिया है। छह अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ के बीच पहली मेट्रो सेवा शुरू हुई थी। एक साल के सफर में पटना मेट्रो का नेटवर्क अब आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक पहुंच चुका है। इस दौरान 3,37,885 यात्रियों ने मेट्रो से सफर किया है।परिचालन के पहले वर्ष में पटना मेट्रो ने चरणबद्ध तरीके से अपने नेटवर्क का विस्तार किया। शुरुआत में आईएसबीटी से भूतनाथ तक सेवा उपलब्ध थी। इसके बाद इसे मलाही पकड़ी तक विस्तारित किया गया। इससे पटना के बड़े हिस्से को सार्वजनिक परिवहन की इस आधुनिक सुविधा से जुड़ने का मौका मिला।मेट्रो के एक वर्ष पूरे होने पर यात्रियों की संख्या 3.37 लाख के पार पहुंच गई है। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों के भरोसे और सहयोग के लिए आभार जताया है। प्रशासन का कहना है कि पहले सफर से अब तक यात्रियों का साथ इस यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण ताकत रहा है।

अब पटना मेट्रो के नेटवर्क में एक और स्टेशन जुड़ने की तैयारी है। खेमनीचक स्टेशन को आम यात्रियों के लिए शुरू करने की दिशा में काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि दिसंबर 2026 तक खेमनीचक स्टेशन से भी यात्रियों को मेट्रो सेवा मिलने लगेगी।पटना मेट्रो के विस्तार के साथ शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और मजबूत होने की उम्मीद है। आने वाले समय में नेटवर्क के और विस्तार से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है।