दरभंगा: नई सरकार बनते ही जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है. सोमवार को शहर में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की गई. इस अभियान का नेतृत्व सदर एसडीओ विकास कुमार, डीसीएलआर संजीत कुमारऔर सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से किया.

सरकार बनते ही अधिकारी एक्शन में, दरभंगा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

सोमवार सुबह से ही प्रशासनिक टीम लहेरियासराय टावर,हजमा चौक और आसपास के व्यस्त क्षेत्रों में पहुँची औरलंबे समय से सड़क और सार्वजनिक जगहों पर किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया. दुकानों,ठेलों और अवैध कब्जों को जेसीबी से हटाया गया.

एसडीओ विकास कुमार ने मौके पर कड़ा संदेश देते हुए कहा अतिक्रमण हटाओ,नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी. अब सड़क और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो लोग स्वयं से अतिक्रमण नहीं हटाएंगे,उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है,लोगों को परेशानी होती है और शहर की व्यवस्था प्रभावित होती है. इसलिए अब ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से की जाएगी.