पटना : बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए हुए चुनाव के बाद सुबह से मतगणना जारी है. पटना के बांकीपुर में बने मतदान केंद्र पर सीसीटीवी नहीं लगाए जाने को लेकर कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ.संजय यादव धरने पर बैठ गए हैं.

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरु हो गई है. इन सभी सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं.

राज्य के 8 केंद्र पर 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती की जा रही है. इन सभी 8 सीटों में सबसे चर्चित सीट पटना स्नातक सीट है. इस सीट से जदयू के नीरज कुमार और जनसुराज के अनुज सिंह के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. चुनाव में अनुज सिंह को जदयू विधायक अनंत सिंह का समर्थन था. हालांकि चुनाव के बाद जदयू ने अनंत सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया है. लेकिन चुनाव में जहां नीरज ने अपनी जीत का दावा किया तो वहीं अनंत सिंह ने भी कहा कि वो इस सीट से नीरज कुमार को पराजित करवा देंगे. इधर पटना के बांकीपुर मतगणना सेंटर पर कांग्रेस के उम्मीदवार संजय यादव सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाए जाने को लेकर धरने पर बैठ गए. वहीं जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह ने काउंटिंग व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. मतगणना कक्ष में कैमरे नहीं होने का आरोप लगाया है. उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई है. अनुज सिंह ने अपनी जीत का दावा किया.