BIG NEWS : नवादा में जंगली हाथी ने युवक को कुचल कर मार डाला, परिवार में पसरा मातम, ग्रामीणों में आक्रोश
नवादा : बड़ी खबर बिहार के नवादा से है जहां रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया पंचायत अंतर्गत सुअरलेटी गांव में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. जंगली हाथी ने युवक को कुचला जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है.
ग्रामीणों के अनुसार युवक रोज की तरह नोखी यादव के खटाल से दूध लाने गया था. दूध लेकर जब वह वापस अपने घर लौट रहा था,इसी दौरान जंगल क्षेत्र में भ्रमण कर रहे जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे कुचल दिया. गंभीर चोट लगने से युवक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही गाँव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था,जो अपने पीछे पत्नी,तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है. उसकी असामयिक मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का गहरा संकट खड़ा हो गया है.
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में हाथी के आने की जानकारी होने के बावजूद न तो माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया गया और न ही नियमित गश्ती की गई. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते चेतावनी दी जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था.
फिलहाल पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं सुबह होने पर जब ग्रामीणों ने घटना स्थल की ओर गया तो देखा कि नोखी यादव के एक भैंस को भी हाथी ने मार दिया है.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट --





