पटना स्थित आवास पर की छठी मैया की पूजा-अर्चना,बिहार और देश की सुख-समृद्धि की कामना;बोले- नई पीढ़ी का छठ परंपरा से जुड़ना सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सुखद संकेत
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सपरिवार छठ महापर्व मनाया। उन्होंने पटना स्थित अपने आवास 3, टेलर रोड पर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर बिहार और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
युवा पीढ़ी भी श्रद्धा और उत्साह से मना रही छठ
इस अवसर पर नितिन नबीन ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना रही है। नई पीढ़ी द्वारा छठ की परंपराओं को अपनाना हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सुखद संकेत है।
अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है छठ महापर्व
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व अब देश की सीमाओं को पार कर अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है। देश-विदेश में रहने वाले बिहारवासी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े हुए हैं तथा पूरी श्रद्धा के साथ इस महापर्व का आयोजन करते हैं।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है छठ
नितिन नबीन ने कहा कि अस्ताचलगामी और उदयमान दोनों सूर्य की उपासना करना छठ महापर्व की विशेष परंपरा है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

