बोकारो जनरल अस्पताल में हंगामा,वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में; SDMने दिए जांच के आदेश,मां और नवजात बच्ची सदर अस्पताल में भर्ती
बोकारो: बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस बार अस्पताल के स्टाफ पर नॉर्मल डिलीवरी के नाम पर 40 हजार रुपये मांगने और नवजात बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर देने का आरोप लगा है। मामले से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और बोकारो स्टील प्रबंधन हरकत में आ गया है। चास एसडीएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, पीड़ित मां और नवजात बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नॉर्मल डिलीवरी के नाम पर 40हजार मांगने का आरोप
पूरा मामला बोकारो के सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार बाउरी से जुड़ा है। उनकी पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर से BGH में भर्ती थीं। परिजनों के मुताबिक, 30 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे सोनी ने नॉर्मल डिलीवरी से एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के पिता मनोज कुमार बाउरी का आरोप है कि डिलीवरी के बाद अस्पताल के स्टाफ ने उनसे 40 हजार रुपये की मांग की। विरोध करने पर कथित तौर पर रकम घटाकर पहले 21 हजार और फिर 15 हजार रुपये बताई गई। मनोज का कहना है कि उन्होंने 10 हजार रुपये जमा भी कर दिए थे, लेकिन इसके बाद फिर से 10 हजार रुपये के लिए फोन कर दबाव बनाया जाने लगा।

नवजात बच्ची को 2लाख में बेचने का ऑफर देने का आरोप
मामले में सबसे गंभीर आरोप नवजात बच्ची को बेचने के प्रस्ताव को लेकर लगाया गया है। मनोज बाउरी का दावा है कि अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों ने उनकी बच्ची को 2 लाख रुपये में बेचने का ऑफर दिया था। पीड़ित पिता के मुताबिक, अस्पताल के स्टाफ ने उनसे कहा कि वह गरीब हैं और बच्ची का पालन-पोषण नहीं कर पाएंगे। इसलिए बच्ची को 2 लाख रुपये में बेच देना चाहिए। मनोज का आरोप है कि जब उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो बच्ची को छोड़ने और पैसे जमा करने के लिए कहा गया।

वायरल वीडियो में महिला ने लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में सोनी कुमारी अस्पताल में बच्चों को बेचने के लिए कागजात तैयार किए जाने की बात कहती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह यह भी दावा करती सुनाई देती हैं कि अस्पताल से पहले भी कई बच्चों को बेचा जा चुका है। वीडियो में सोनी अपने पति से पूछकर बच्ची को बेचने की बात कहने का भी जिक्र करती हैं। साथ ही पति के विरोध के कारण आत्महत्या करने तक की बात कहती दिखाई देती हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

SDMने दिए जांच के आदेश,पुलिस कर रही मामले की पड़ताल
मामले की गंभीरता को देखते हुए चास एसडीएम प्रांजल ढांडा ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, सेक्टर-4 थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच में इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है। इधर, पीड़ित मां और नवजात बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोकारो स्टील प्रबंधन भी मामले को गंभीरता से ले रहा है। फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।

बोकारो से संजीव सिंह की रिपोर्ट