Hindi News / कम उम्र की महिलाओं की निकाली बच्चेदानी, नर्सिंग होम में हुआ सनसनीखेज खुलासा...

गर्भाशय निकालने का घिनौना खेल : कम उम्र की महिलाओं की निकाली बच्चेदानी, नर्सिंग होम में हुआ सनसनीखेज खुलासा

Edited By:  |
Reported By:
bagha me garbhasaya nikalne ka ghinona khel bagha me garbhasaya nikalne ka ghinona khel

BAGHA : बगहा के रामनगर में अवैध नर्सिंग होम पर हुई छापेमारी में कई बड़े खुलासे हुए हैं। कम उम्र की महिलाओं का गर्भाशय निकालने का गंभीर मामला पकड़ा गया है। छापेमारी की सूचना मिलते ही नगर में संचालित अवैध नर्सिंग होम धड़ाधड़ बंद हो चले । फर्जी नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गयी है। प्रशासन ने इन अवैध नर्सिंग होम को सील करने की कार्रवाई शुरु कर दी है।

रामनगर में संचालित झोला छाप चिकित्सकों के अवैध नर्सिंग होम व अल्ट्रासाउंड के विरुद्ध सोमवार को कारवाई की गई। यह कारवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की शिकायत पर बगहा एसडीएम डॉक्टर अनुपमा सिंह व सिविल सर्जन डॉक्टर बीरेंद्र चौधरी के निर्देश पर गठित टीम ने की। इस टीम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर चंद्रभूषण, सीओ विनोद कुमार मिश्रा, बीडीओ चंद्रगुप्त कुमार बैठा, थानाध्यक्ष अनंत राम समेत अन्य शामिल रहे। इस दौरान नगर के दुर्गा नगर में संचालित ओम साईं अस्पताल की जांच को टीम पहुंची।

टीम के आने की भनक लगते ही अस्पताल संचालक फरार हो गए। इस अस्पताल में मेजर ऑपरेशन के 11 मरीज मिले। जबकि यहां कम उम्र की महिलाओं का गर्भाशय निकालने का मामला भी पकड़ा गया।जांच में 22 वर्ष से लेकर 35 वर्ष तक की सात महिलाओं का गर्भाशय निकालने का मामला सामने आया। पीएचसी प्रभारी डॉक्टर चंद्रभूषण ने बताया कि 40 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं के गर्भाशय निकालने पर रोक है। लेकिन यहां धड़ल्ले से कम उम्र की महिलाओं का गर्भाशय निकाल दिया गया हैं।

अधिकारियों ने मरीजों को गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल बेतिया में शिफ्ट करने का निर्देश दिया। पीएचसी प्रभारी चंद्रभूषण ने बताया कि मेजर ऑपरेशन वाले मरीजों को बेतिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शिफ्ट करने की कारवाई शुरू कर दी गई हैं। उन्होनें बताया कि मरीजों को शिफ्ट करने के बाद इसको सील करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध नर्सिंग होम के विरुद्ध आगे भी छापेमारी जारी रहेगी। छापेमारी की सूचना मिलते ही नगर में संचालित अवैध नर्सिंग होम धड़ाधड़ बंद हो चले । फर्जी नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप की स्थिति व्याप्त रही।

वहीं नगर के अस्पताल रोड में संचालित अल्ट्रासाउंड की जांच भी इस टीम ने की। इस दौरान कामख्या व परिधि अल्ट्रासाउंड की जांच की गई। जहां मौके पर अधूरे कागजात अधिकारियों को मिले। इन लोगों को सभी कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश।जांच की खबर मिलते ही अल्ट्रासाउंड समेत अवैध नर्सिंग होम के शटर गिर गए।उल्लेखनीय है कि नगर समेत ग्रामीण इलाके में अवैध नर्सिंग होम का संचालन दलालों की मदद से बेधड़क जारी है। बीते अगस्त महीने में तत्कालीन एसडीएम दीपक मिश्रा के नेतृत्व में इनके विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। जिसमें तीन नर्सिंग होम को सील भी किया गया था। लेकिन इसके बाद भी इस पर लगाम नहीं लग सका । इन नर्सिंग होम में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बहला फुसलाकर लाने में दलाल सक्रिय भूमिका निभाते हैं ।

बगहा से राकेश कुमार सोनी की रिपोर्ट ...