रांची: झारखंड की राजधानी रांची में आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI)ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने मामले को अपने हाथ में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके साथ ही अब इस बहुचर्चित मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी।

CBIने दर्ज की प्राथमिकी,केस नंबरRC0482026S0007

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने निशा भगत की मौत से जुड़े मामले को टेकओवर कर प्राथमिकी दर्ज की है। एजेंसी ने इस मामले को RC0482026S0007 केस नंबर आवंटित किया है। बताया जा रहा है कि इससे पहले यह मामला रांची के पिठोरिया थाना में दर्ज किया गया था।

अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के नाम शामिल

पिठोरिया थाना में दर्ज मूल मामले में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के नाम शामिल हैं। सीबीआई ने इसी मामले को अपने अधीन लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जांच शुरू की है। हालांकि, प्राथमिकी में नाम दर्ज होना किसी व्यक्ति के अपराधी होने का प्रमाण नहीं है। मामले में सभी संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

अबCBI की जांच पर टिकी निगाहें

निशा भगत की मौत का मामला झारखंड में चर्चा का विषय रहा है। अब सीबीआई के जांच संभालने के बाद मामले से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।फिलहाल सभी की निगाहें सीबीआई की जांच पर टिकी हैं। उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी निष्पक्ष और विस्तृत जांच के माध्यम से मामले की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाएगी।

रांची से नैयर की रिपोर्ट