Bihar News : आचार्य किशोर कुणाल को 11वां भारत गौरव अवार्ड. 5 जून को पेरिस स्थित फ्रांस के सीनेट में दिया जाएगा पुरस्कार

Edited By:  |
Reported By:
 11th Bharat Gaurav Award to Acharya Kishore Kunal  11th Bharat Gaurav Award to Acharya Kishore Kunal

PATNA : महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल को भारत गौरव अवार्ड से नवाजा जाएगा। संस्कृति युवा संस्था द्वारा 5 जून को राजधानी पेरिस स्थित फ्रांस के सीनेट में आचार्य किशोर कुणाल को यह पुरस्कार दिया जाएगा।

संस्कृति युवा संस्था भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने वाला अन्तर्राष्ट्रीय फोरम है, जो 28 वर्षों पूर्व गठित हुआ था। आचार्य किशोर कुणाल को संस्था द्वारा 11वां भारत गौरव पुरस्कार दिया जाएगा। संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने महावीर मंदिर को ई-मेल कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।

पेरिस में इसी साल 5 जून को आयोजित होनेवाले भारत गौरव पुरस्कार समारोह में भारत की कई जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। महावीर मन्दिर को संस्कृति युवा संस्थान द्वारा भेजे गये ई-मेल में कहा गया है कि संस्था की अवार्ड स्क्रीनिंग कमिटी ने आचार्य किशोर कुणाल को प्रतिष्ठित व्यक्तित्व और देश के गौरव के प्रतीक के रूप में 11वां भारत गौरव अवार्ड के लिए चुना है।

वर्ष 2012 में भारत गौरव अवार्ड की हुई थी शुरुआत

साल 2012 में भारत गौरव अवार्ड की शुरुआत की गई थी। 9 जून 2012 को पहला भारत गौरव अवार्ड समारोह अमेरिका के न्यू जर्सी में आयोजित हुआ था। इसके बाद अब तक ब्रिटिश संसद, अमेरिका स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय, दुबई, पेरिस स्थित फ्रांस के सीनेट आदि स्थानों पर यह पुरस्कार समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। पिछला भारत गौरव अवार्ड समारोह 12 मई 2023 को ब्रिटिश संसद में आयोजित हुआ था।

पूर्व के वर्षों में 23 जुलाई 2022 को पेरिस स्थित फ्रांस के सीनेट में, 23 दिसंबर 2021 को दुबई, 19 जुलाई 2019 और 13 अप्रैल 2018, 2 जुलाई 2016, 25 जुलाई 2015 और 23 जुलाई 2014 को ब्रिटिश संसद में यह पुरस्कार समारोह आयोजित किया जा चुका है। जबकि 9 जून 2017 को अमेरिका स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में भारत गौरव अवार्ड समारोह आयोजित किया गया था।


Copy