
रविवार, 18 अक्टूबर 2026
Live
डेस्क:- बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। आर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।जानकारी के मुताबिक, करीब दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधी देर रात घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर सबसे पहले बच्चों को बंधक बना लिया। बच्चों के सहम जाने से घर के अन्य सदस्य भी डर गए और विरोध करने की स्थिति में नहीं रहे।इसके बाद डकैतों ने पूरे घर की तलाशी ली और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। अपराधियों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग बीस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों की लूट कर ली। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए।गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें आशंका है कि बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली।घटना के बाद रात करीब 2 बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस सुबह साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में गहरी चिंता देखी जा रही है।
डेस्क:- रांची में विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हरमू चौक पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अरगोड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात की जांच की गई, वहीं संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की ग चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की गइ पुलिस का साफ कहना है कि इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा विधि व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।आम लोगों से अपील है कि नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।
कटिहार:- दुर्गम दियारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से कुरसेला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंगा नदी पार कर गोबराही दियारा में विशेष टीकाकरण एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया। जहां सामान्य दिनों में सरकारी योजनाओं की पहुंच सीमित रहती है, वहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने नाव और ट्रैक्टर के सहारे पहुंचकर सेवा का अनूठा उदाहरण दिखा रहे हैं। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल की अध्यक्षता में टीम गंगा नदी पार कर क्षेत्र में पहुंची और ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के 110 बच्चों का नियमित टीकाकरण आरआई किया गया, जबकि 17 गर्भवती महिलाओं को भी जरूरी टीके लगाए गए।डॉ. अमरलाल ने बताया कि गोबराही दियारा क्षेत्र के आठ अलग-अलग टोलों में कुल आठ मेडिकल कैंप लगाए गए। इन कैंपों में स्वास्थ्य जांच के बाद 220 लोगों के बीच आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर महीने इस क्षेत्र में नियमित रूप से कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप में प्रबंधक मुकेश कुमार सिंह, सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दियारा क्षेत्र के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे विशेष शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि मजबूत संकल्प और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएं सबसे दूरस्थ इलाकों तक भी पहुंचाई जा सकती हैं।कटिहार से रितेश रंजन
डेस्क:- बेगूसराय में सोमवार की शाम बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी को गोली मार कर घायल कर दिया‌ था। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में साफ – साफ दिख रहा हैं कि खिलाड़ी बाइक से जा रहा है पीछे से बाइक पर सवार तीन बदमाश उसे ओभर टेक कर उसे गोली मार दिए, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गया जिसे देखने के बाद आसपास के लोग दौड़े। गंभीर हालत में खिलाड़ी गोविंद को आनन फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां से देर रात उसे पटना रेफर कर दिया गया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के भीड़ भाड़ वाले इलाके मीरगंज की है। घायल की पहचान मंझौल-3 निवासी सुशील सिंह उर्फ अजय सिंह के 19 वर्षीय राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार के रूप में की गई है। गोविंद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़ा हुआ है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गोविंद कुमार हीरो होंडा शोरूम में अपनी बाइक सर्विसिंग करा कर रतनपुर लौट रहा था तभी मीरगंज मोहल्ले के पास भीड़ -भार इलाके में बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचा और उसकी बाइक के पास पहुंचकर ओमर टेक कर एक बदमाश इस पर फायरिंग कर दी जिसमें इसे गोली लगी है। फायरिंग से आसपास अफरा तफरी मच गई आनन फानन में उसे उठाकर सबसे पहले सदर अस्पताल लाया गया जहां गंभीर हालत को देखते हुए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में नगर थाना और रतनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक घटना में शामिल बदमाशों की भी पहचान नहीं हुई है ना ही कोई कारण सामने आया है लेकिन दिनदहाड़े बीच बाजार जिस तरह से खिलाड़ी को बदमाशों ने गोली मारी है वह पुलिस के कार्य शैली पर जरूर सवाल खड़ी कर रही है।
मोकामा:- बाढ़ मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह के पैतृक गांव नदावा में बिहार के पहली बार विराट कुश्ती दंगल का आयोजन होगा। कुश्ती प्रतियोगिता में देश-विदेश के पहलवान आएंगे और अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस कुश्ती का नाम मल युद्ध होगा यह कुश्ती गद्दा पर नहीं होगा मिट्टी में होगा। कुश्ती का आयोजन बिहार केसरी स्वर्गीय विवेक सिंह के प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित होनी है इस कुश्ती प्रतियोगिता में मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह सक्रिय रूप से सहयोगी है। इस कुश्ती मैदान का तैयारी अनंत सिंह अपने देखरेख में करवा रहे हैं इस कुश्ती में लाखो दर्शक जुटेगे और कुश्ती का आनंद लेंगे। कई दशक के बाद इस तरह का विराट कुश्ती प्रतियोगिता अनुमंडल बासियो को देखने को मिलेगा। विवेका पहलवान के भाई अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह की कुश्ती प्रतियोगिता कराने से क्षेत्र में युवाओं मे कुश्ती की जागृति जागेगी और नए-नए युवक कुश्ती की तरफ उनका रूझान बढ़ेगा।बाढ से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
कोडरमा। जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा के अंबाकोला रोड स्थित एक फर्नीचर गोदाम में अहले सुबह भीषण आग लग गई। जिससे गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह गोदाम करमा के रहने वाले जफीर अंसारी का है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 3:00 बजे एक शॉर्ट सर्किट होने जैसा कुछ सुनाई पड़ा और तेज रोशनी हुई। लोगों ने उठकर देखा तो पाया कि जफीर अंसारी के गोदाम में आग लग चुकी थी। इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना जफीर अंसारी को दी। सूचना मिलते ही आनन-फानन में करमा पहुंचे। इस बीच स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दे दी थी। जिसके पश्चात मौके पर दो दमकल वाहन पहुंच गए। हालांकि गोदाम में रखे फर्नीचर में लगी आग के कारण दमकल को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 4 घंटे तक आज को बुझाने के लिए दमकल विभाग को कड़ी मसक्कत करनी पड़ी। गोदाम के मालिक जफीर अंसारी ने बताया कि उनके गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर के अलावा लोहे का अलमीरा, फ्रिज, कूलर सहित कई महंगे फर्नीचर रखे हुए थे, जो पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। उन्होंने बताया कि इस अगजनी में उन्हें 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। इधर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव ने बताया कि जहां पर जफीर अंसारी का मकान बना है, उसके ठीक ऊपर से 11000 वोल्टेज का हाई टेंशन तार गुजरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई बार इस संबंध में बिजली विभाग को लिखित सूचना दी गई है और उस तार को मकान के बगल से शिफ्ट करने की बात कही गई है। बावजूद इसके बिजली विभाग ने कोई भी पहल नहीं की जिसका खामियाजा आज जफीर अंसारी को भुगतना पड़ा।
दानापुर:- फुलवारी शरीफ, पटना निवासी प्रोफेसर संजीव धारी सिन्हा पिछले करीब 14 वर्षों से लीबिया में फंसे हुए हैं और अब उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर स्वदेश वापसी तथा न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उन्होंने अपनी पीड़ा सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा की है, जिससे यह मामला सामने आया है। प्रोफेसर सिन्हा ने अपने पत्र में बताया कि वे वर्ष 2013 में नौकरी के सिलसिले में लीबिया गए थे और वहां दो विश्वविद्यालयों में कार्यरत रहे। उनका आरोप है कि वर्ष 2018-19 से लेकर अब तक उन्हें विभिन्न स्थानों पर बंधक जैसी स्थिति में रखा गया है। वर्तमान में वे एलमरगिब यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड साइंस, मस्ल्लाता में रह रहे हैं, जहां उन्हें न तो उचित वेतन मिला और न ही कानूनी प्रक्रिया के तहत वीजा और अनुबंध की सुविधाएं दी गईं।उन्होंने कहा कि वे वर्षों से लीबिया के विभिन्न मंत्रालयों, संयुक्त राष्ट्र मिशन, मानवाधिकार संगठनों तथा भारत के विदेश मंत्रालय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उनका आरोप है कि भारतीय दूतावास के कुछ कर्मियों द्वारा मामले को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे उनकी स्थिति और जटिल हो गई है। प्रोफेसर सिन्हा के अनुसार, उन्हें कई तरह की प्रताड़नाओं का सामना करना पड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें खराब हालत वाले कमरे में रखा गया, पानी-बिजली जैसी सुविधाएं भी बाधित की गईं और कई बार मारपीट की कोशिश भी हुई. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जबरन शादी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, ताकि वे वहां स्थायी रूप से रुक जाएं।उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि लीबिया में नौकरी छोड़कर भारत लौटने के लिए उन्हें ‘एग्जिट वीजा’ की आवश्यकता है, जो संबंधित विश्वविद्यालय और अधिकारियों द्वारा नहीं दिया जा रहा है. वहीं, बिना वीजा के वे भारत नहीं लौट सकते, जिससे वे एक तरह से फंसे हुए हैं।प्रोफेसर सिन्हा ने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने अपनी मां (2011) और पिता (2016) को खो दिया, लेकिन इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की है कि भारतीय दूतावास को निर्देश देकर उनके दस्तावेजों की सही तरीके से जांच कराई जाए और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।उन्होंने विश्वास जताया कि भारत सरकार उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करेगी और उन्हें इस संकट से बाहर निकालेगी. फिलहाल यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चिंता और चर्चा का विषय बना हुआ है।दानापुर से अभय राज
गढ़वा - नगर उंटारी थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। नरखोरिया गांव निवासी उमेश मेहता को अज्ञात अपराधी ने दुकान में घुसकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल उमेश मेहता को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है। घायल उमेश मेहता ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी एक युवक आया और सिगरेट व गुटखा मांगा। इसी दौरान अचानक उसने हथियार निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं कंधे में लगी और आर-पार हो गई।घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रांची:- राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत वेस्ट सरोवर नगर, देवी मंडप रोड में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, विजय कुमार साहू के घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमीरा तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी में करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने पहले घर के मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़ा, इसके बाद अंदर घुसकर कमरे में रखी अलमीरा को तोड़ डाला। अलमीरा में रखे सोने-चांदी के गहने, कीमती जेवरात और नकदी चोर अपने साथ ले गए। घटना का पता तब चला जब घर के सदस्य वापस पहुंचे और दरवाजा टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमीरा टूटी हुई थी। लाखों की चोरी से परिवार सदमे मेंपीड़ित विजय कुमार साहू ने बताया कि घर में शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों के लिए रखे गए जेवरात और कुछ नकदी मौजूद थी। चोरों ने सबकुछ साफ कर दिया। परिवार इस घटना से काफी सदमे में है।एफ एस ऐल की टीम भी जांच में जुटी हुई है जांच शुरू घटना की जानकारी मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
लोहरदगा:- रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर बंद पड़ी रेल सेवा को बहाल करने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल की है। लोहरदगा जिले के भक्सो कोई नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज संख्या 115 पर टावर कार और मल्टी इंजन के साथ सफल ट्रायल किया गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण इसी वर्ष 4 जनवरी से इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।ट्रायल सफल होने के बाद रेलवे ने रांची से लोहरदगा के बीच रेल सेवा फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सीनियर डीआरएम द्वारा आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है। साथ ही टोरी से रांची के बीच भी रेल सेवा बहाल कर दी गई है, जिससे इस पूरे रेलखंड पर आवागमन सामान्य हो गया है।रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में खुशी का माहौल है। खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से इस रेल सेवा के पुनः शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था।करुणा निधि सिंह, रेलवे डीआरएम करुणा निधि सिंह ने बताया कि रेलवे ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ट्रायल किया, जो पूरी तरह सफल रहा। अब यात्रियों की सुविधा के लिए सेवा बहाल कर दी गई है।वहीं यात्रियों का कहना है कि रेल सेवा बंद रहने से काफी दिक्कत होती थी, अब शुरू होने से राहत मिली है। ट्रेन चालू होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी, हम लोग काफी खुश हैं।कुल मिलाकर, रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र में एक बार फिर से यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट आई है और लोगों को बड़ी सहूलियत मिलने लगी है।लोहरदगा से अमित वर्मा लोहरदगा
बाघमारा :- बाघमारा प्रखंड अंतर्गत बौआ कला उत्तर पंचायत के बड़की बौआ में सात दिवसीय श्री श्री 108 रामचरितमानस महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा बड़की बौआ स्थित शिव मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई, जिसमें कुल 501 कलश शामिल रहे।कलश यात्रा में बड़ी संख्या में कुंवारी कन्याएं एवं महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। पूरे मार्ग में श्रद्धालु जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारे लगाते हुए वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए ईस्ट बसुरिया निछानी जोरिया पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडितों द्वारा कलश में जल भरवाया गया। इस दौरान धार्मिक आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा सरबत का वितरण किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द और सेवा भावना की झलक भी देखने को मिली।महायज्ञ के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल व्याप्त है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
डेस्क:- समस्तीपुर बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र स्थित बाबा केवल धाम में आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले से सामने आया है। यहां रात के समय कथित तौर पर खुलेआम शराब बेचे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तीन अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें खुले में रखी दिखाई दे रही हैं। बोतलों के साथ एक ग्लास भी रखा हुआ नजर आ रहा है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वहां चोरी-छिपे शराब की बिक्री हो रही थी। वीडियो में एक युवक बोतलों के पास खड़ा खीरा काटता भी दिखाई दे रहा है।बताया जा रहा है कि मेले से लौट रहे कुछ लोगों की नजर जब इन बोतलों पर पड़ी तो उन्होंने इस पर सवाल उठाए। हालांकि वहां मौजूद लोगों पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। वीडियो में एक आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें कहा जा रहा है कि ये सच में शराब की बोतलें हैं। गौरतलब है कि इसी राजकीय मेले का उद्घाटन दिन में केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी, स्थानीय विधायक रणविजय साहू तथा समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया था।उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद रात में इस तरह का दृश्य सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पूर्व मंत्री मुकेश सहनी भी देर शाम दर्शन करने के लिये बाबा केबल धाम पहुंचे थे। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की हम आधिकारिक पुष्टि नहीं करती है। प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। उत्पाद अधीक्षक ने वायरल हो रहे वीडियो पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गया: गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर सीमा शुल्क विभाग ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक यात्री को विदेशी हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, डॉन मुआंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से आए यात्री विशाल ओझा (निवासी: गोरखपुर, उत्तर प्रदेश) गया एयरपोर्ट पर उतरा था। संदेह के आधार पर जब उसके सामान की जांच की गई, तो बैग के अंदर खास तरीके से बनाई गई गुप्त परत में छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए।जांच के दौरान अधिकारियों ने करीब 5 किलोग्राम वजन के कुल 4 पैकेट हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। यह गांजा अत्यधिक शुद्ध और महंगा माना जाता है, जिसे खास तकनीक से उगाया जाता है।फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कस्टम विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
डेस्क:-खगड़िया के मुफस्सिल थाना इलाके के 5 किलोमीटर के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक कोयला व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया है। अज्ञात बदमाशों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब 52 साल के अवधेश कुमार उर्फ गुड्डू बाइक पर सवार होकर महेशखूंट से अपने घर खगड़िया के विद्याधार मोहल्ला आ रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने रास्ते पहले बाइक रोकने का इशारा किया। व्यवसाई के द्वारा अपनी बाइक नहीं रोकने पर गोली चला दी। हालांकि जख्मी को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हाइयर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों की माने तो लूटपाट करने की मंशा से बदमाश बाइक रोकने को कह रहा था। हालांकि मौके पर पहुंचे सदर SDPO 1 मुकुल कुमार रंजन ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
डेस्क:- पटना से बड़ी खबर सामने आई है जहां रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया है। यह कार्रवाई गोकुल कॉलोनी के सद्भावना नगर इलाके में की गई, जहां रोड नंबर 20 स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी के दौरान पुलिस को 20 से 25 किलोग्राम सूखा नशा बरामद किया है।इस कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तारी किया गया है। बताया जा रहा है कि आलमगंज थाना क्षेत्र में दो लोगों गिरफ्तार किया गया था नशीली पदार्थ बेचते हुए पूछताछ के दौरान में उसने रामकृष्ण नगर का पता बताया और पुलिस टीम ने जब मकान पर दबिश दी, तो वहां मौजूद दो युवकों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी काफी समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त थे और शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे।फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस ने मौके से बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया है।पटना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के तार शहर के अन्य इलाकों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसे लेकर पुलिस गहराई से जांच कर रही है।
डेस्क:-धनबाद में रामनवमी का पर्व इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। विशेष रूप से रणधीर वर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर और हीरापुर हनुमान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही श्रद्धालु विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं और वीर बजरंगबली को झंडा, फूलमाला तथा प्रसाद अर्पित कर रहे हैं।हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित रूप से किया गया है। वहीं, रामनवमी पर भक्तों में गहरी आस्था देखने को मिल रही है और पूरा वातावरण भक्ति गीतों तथा जयकारों से गूंज रहा है। लोगों का कहना है कि आज के समय में जब छोटी-छोटी बातों पर दुनिया में संघर्ष बढ़ रहा है, ऐसे में बजरंगबली से सभी ने शांति, सद्बुद्धि और एकता की कामना की। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि समाज, देश और विश्व एक परिवार की तरह मिलजुलकर रहे।इस पावन अवसर पर प्रशासन की ओर से भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, जिससे लोग शांतिपूर्ण तरीके से पूजा कर सकें।रामनवमी के मौके पर आज पारंपरिक अखाड़ों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ी अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सांस्कृतिक परंपराओं को भी जीवंत बनाए रखने का माध्यम है। कुल मिलाकर, धनबाद में रामनवमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा।
डेस्क:- कोडरमा थाना क्षेत्र के झरीटांड़, ढेबुआडीह, खरिडीह मे हाथियों ने आधे दर्जन मवेशियों को मौत के घाट उतार दिया है। इस दौरान हाथियों ने वहां जमकर उत्पाद मचाया है। पहले तो हाथियों ने किसानों के तैयार व खेतों में लगे फसलों को नष्ट किया। इसके साथ ही वह गांव के गौशाला में घुस गए और वहां बंधे मवेशियों को कुचल कर और पटक कर मार डाला। जब ग्रामीण उठते तब तक हाथियों ने आधे दर्जन मवेशियों को मौत के घाट उतार चुका था। वहीं आधे दर्शन से अधिक मवेशियों को घायल कर दिया। इधर हाथियों के इस तांडव से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग रात-रात भर जाग कर मशाल जलाकर अपने गांव के भीतर और बाहर पहरा दे रहे हैं। इधर बुधवार को हाथियों द्वारा बोनाकाली और मरियामपुर में दो इंसानी जिंदगियों को भी मौत का घाट उतार दिया है।इधर उपायुक्त ऋतुराज और डीएफओ शौमित्र शुक्ला मरियमपुर के बिरहोर टोला पहुंचे और मृतक बिरहोरणी के परिजनों से मिले। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को यह आश्वासन दिलाया कि जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उनकी हर संभव मदद करने को भी तैयार है। वहीं उन्होंने कहा कि उन्होंने डीएफओ से हाथियों को भगाने के लिए उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
डेस्क:- बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर के पास गंदे नाली के पानी निकले के कारण लोगों में आक्रोश। पटना जिला के बिहटा राघोपुर वार्ड नंबर 23 में पिछले दो महीने से गंदा पानी निकल रहा है, ऐसे में कोई नगर परिषद के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं नगर परिषद क्षेत्रों में नालियों की सफाई न होने और जल निकासी की सुचारू व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी बहना आम समस्या बन गई है। पटना जिला के बिहटा राघोपुर वार्ड नंबर 23 में नगर परिषद क्षेत्र में स्थानीय निवासियों को इस समस्या से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य समस्या और परेशानी:नाले का गंदा पानी: सड़कों पर घुटनों तक गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दुश्वारियां हो रही हैं।दुर्गंध और बीमारियां: सड़कों पर जमा गंदा पानी और कचरा सड़ने से बदबू फैल रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चर्म रोग जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।स्थानीय लोगों का आक्रोश: कई बार नगर परिषद/निगम प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में गहरा रोष है।व्यवसाय पर असर: बाजारों में गंदा पानी जमा होने से ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिससे दुकानदारों को नुकसान हो रहा है। प्रशासनिक लापरवाही: सफाई का अभाव: नाले चोक होने के कारण पानी निकासी अवरुद्ध है, जिससे पानी सीधे सड़कों पर आ जाता है।अधूरी योजनाएं: कई क्षेत्रों में नए नाले बनाने का काम या तो अधूरा है या पुरानी निकासी क्षतिग्रस्त हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा केवल अस्थायी तौर पर जेटिंग या सफाई का काम किया जाता है, जिससे समस्या का स्थायी हल नहीं निकल रहा है। आमजन की मांग: निवासियों ने प्रशासन से नालियों की गहरी सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की है।कठोर कार्रवाई: शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर लोग जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दूषित पानी के सड़क पर फैलने से टायफाइड, हैजा, डायरिया और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा रहता है।बिहटा से राकेश कुमार कि रिपोर्ट
डेस्क:- कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के विसरिया पंचायत में जमीनी विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान अमन कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसका इलाज पूर्णिया सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और वह बेहोशी की अवस्था में है।घटना के संबंध में घायल के भाई रघुनंदन कुमार ने बताया कि उनके परिवार का पड़ोसियों के साथ पूर्व से ही जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनकी पत्नी और मां के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई गई थी और मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है।रघुनंदन कुमार के अनुसार, उनका भाई अमन कुमार मक्का का खेत देखने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी दयानंद सिंह, रुपेश कुमार और राजू सिंह ने मिलकर उस पर गोली चला दी। गोली अमन कुमार के कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे पूर्णिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वहीं, कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी के द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि जमीनी विवाद में गोली चलने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।कटिहार से रितेश रंजन