MLC उपचुनाव जीतते ही तेजस्वी का वार : बोले- EVM नहीं बैलेट हो तो NDA साफ
पटना- तेजस्वी यादव ने भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में राजद प्रत्याशी सोनू राय की जीत के बाद बीजेपी और NDA पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने इस जीत को जनता की ताकत बताते हुए कहा कि अगर देश और प्रदेश में EVM की जगह बैलेट पेपर यानी मतपत्र से चुनाव कराए जाएं, तो BJP-NDA कहीं भी नहीं टिकेगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट के जरिए महागठबंधन को 150 से अधिक सीटों पर बढ़त मिली थी, लेकिन “तंत्र, यंत्र, षड्यंत्र और छल-कपट” के जरिए हार का सामना करना पड़ा।
तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी मतगणना देर रात 1-2 बजे तक चलती है। उन्होंने कहा कि पहले जब बैलेट पेपर से चुनाव होते थे, तब भी गिनती में इतना ही समय लगता था। ऐसे में लोकतंत्र में जनता का विश्वास मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए बैलेट पेपर से मतदान पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।
हालांकि तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी हमेशा चुनाव जीतने के बाद भी EVM से मतदान कराने के पक्ष में रही है। इसके बावजूद उन्होंने मौजूदा चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विपक्ष की पुरानी मांग को फिर से दोहराया।
राजद नेता ने भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले राजद प्रत्याशी सोनू राय को बधाई दी और सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं व मतदाताओं का धन्यवाद किया। इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में EVM बनाम बैलेट पेपर का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट





