आरा से आरके सिंह ने किया नामांकन : पर्चा भरने के बाद भोजपुरी में भरी हुंकार, कहा : हमनी आरा के अइसन कर देम कि.....

Edited By:  |
 RK Singh filed nomination from Ara  RK Singh filed nomination from Ara

ARA :आरा लोकसभा सीट से एनडीए समर्थित बीजेपी प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने नामांकन कर दिया है। डीएम महेंद्र कुमार को उन्होंने अपना नामांकन-पत्र सौंपा है। नामांकन से पहले वे लोगों से मिले। जनता से पूछा नामांकन करूं या नहीं। जनता ने समर्थन देते हुए कहा कि हां, बिल्कुल नामांकन करें। दो लाख वोट से विजयी बनाएंगे।

आरा से आरके सिंह ने किया नामांकन

पर्चा भरने के दौरान आरके सिंह के साथ उनकी पत्नी भी थीं। जिनके साथ आरके सिंह नामांकन से पहले मां आरण्य देवी मंदिर भी पहुंचे, जहां भाजपा महिला मोर्चा ने उनका और उनकी पत्नी का तिलक लगाकर स्वागत किया। आरके सिंह ने मां आरण्य देवी की आरती की। आरण्य देवी मंदिर परिसर में केंद्रीय मंत्री आरके सिंह का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। सैकड़ों की संख्या में समर्थक मंदिर पहुंचे। आरण्य देवी मंदिर परिसर से माता की आरती के बाद आरके सिंह नामांकन के लिए निकल गए।

पर्चा भरने के बाद भोजपुरी में भरी हुंकार

आरके सिंह ने कहा कि मां आरण्य देवी का आशीर्वाद है कि विजय हमारी होगी, मोदी की होगी। यह देश महाशक्ति बनेगा। नरेंद्र मोदी पुनः प्रधानमंत्री बनेंगे। यह देश पुनः महाशक्ति बनेगा। हम लोग आरा का कायाकल्प कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने भोजपुरी में कहा कि "हमनी आरा के अइसन जिला कर देम कि लोग कही कि आरा ऐगो जिला बा।"

कई चौक-चौराहों से रोड शो करते हुए निकले

मां आरण्य देवी मंदिर से निकलने के बाद रोड शो करते हुए आरके सिंह शहर के शीश महल चौक, जेल रोड, बड़ी मठिया, महादेवा रोड, बाबू बाजार, रमना मैदान के रास्ते नामांकन केंद्र तक पहुंचे। रोड शो के दौरान ऊंट और सैकड़ों गाड़ियां केंद्रीय मंत्री के नामांकन में शामिल हुए। इस दौरान हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ी। रोड शो के दौरान आरा की जनता अपनी छत से मंत्री पर फूलों की वर्षा करती दिखी।

(आरा से विवेक कुमार का रिपोर्ट)


Copy