Hindi News / परिसीमन में आदिवासी सीटें बढ़ाने की उठी मांग

रांची में 30 अगस्त को आदिवासी महाजुटान : परिसीमन में आदिवासी सीटें बढ़ाने की उठी मांग

Edited By:  |
ranchi mein30 august ko addiwasi mahajutan ranchi mein30 august ko addiwasi mahajutan

रांची: पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने 30 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित आदिवासी महाजुटान रैली को लेकर कहा कि इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रैली की सफलता के लिए सभी लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि तैयारी के तहत राज्य के सभी जिलों का दौरा किया जाएगा और आदिवासी समाज के बीच परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

परिसीमन का विरोध नहीं, सीटें बढ़ाने की मांग

बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज परिसीमन का विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन परिसीमन के बाद आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटने के बजाय बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आदिवासी सीटें कम होती हैं तो राजनीति में आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व भी प्रभावित होगा।

सीएम से सर्वदलीय बैठक बुलाने की अपील

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को एक साथ बैठकर आदिवासी समाज के हितों और परिसीमन में आदिवासी सीटों के भविष्य पर गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए।

राहुल गांधी और केंद्रीय कानून मंत्री से होगी मुलाकात

बंधु तिर्की ने बताया कि परिसीमन को लेकर तैयार किए जा रहे ड्राफ्ट को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष रखा जाएगा और उनसे मुलाकात की जाएगी। इसके अलावा इस विषय पर केंद्रीय कानून मंत्री से भी मिलने की योजना है, ताकि आदिवासी समाज की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया जा सके।

देशभर के आदिवासी नेता होंगे शामिल

उन्होंने कहा कि 30 अगस्त को होने वाली आदिवासी महाजुटान रैली में देश के विभिन्न राज्यों से आदिवासी नेता शामिल होंगे। उनका कहना था कि वर्तमान में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जिससे आदिवासी सीटों की संख्या घटने की आशंका जताई जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।