रामगढ़ : बड़ी खबर रामगढ़ से है जहां जिले के रजरप्पा मुरुबंदा में एनएच-23 पर तेज रफ्तार हाइवा ने बाइकसवार दो युवकों को बुरी तरह से रौंद दिया. हादसे में घटना स्थल पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

हाइवा की चपेट में आने से बाइकसवार 2 युवकों की मौत

बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार गोला से रामगढ़ की तरफ आ रहे थे. इसी दौरान मुरुबंदा तालाब के निकट पीछे से तेज रफ्तार स्टोन चिप्स लदे हाइवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हाइवा द्वारा कुचले जाने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान गोला डभातू निवासी पवन कुमार महतो और सिकंदर मुंडा के रूप में हुई. सड़क हादसे के बाद हाइवा चालक वहां से भाग गया. वहीं घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बोकारो-रामगढ़ मुख्यमार्ग को घंटों जाम कर रखा था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर सड़क जाम हटवाया. वहीं पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हाइवा को जब्त कर रजरप्पा थाना ले आई. घटना की जानकारी पर मृतकों के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे. वहीं स्थानीय लोगों ने मुआवजे को लेकर सड़क जाम कर दिया. पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटा लिया गया.

रामगढ़ से मुकेश कुमार की रिपोर्ट--