राजनीतिक जगत में शोक : सीएम हेमंत सोरेन ने पूर्व मंत्री दिवंगत मन्नान मल्लिक को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को झारखंड विधानसभा पहुंचकर दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की. मौके पर स्पीकर समेत राजनीतिक जगत के तमाम नेता मौजूद रहे.

उनका निधन होना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति-सीएम
हेमन्त सोरेन ने पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे लम्बे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं. उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम किया. उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है. सीएम ने कहा कि उनका निधन होना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है,उनकी कमी सदैव महसूस होगी.
सीएम हेमंत औरकल्पना ने शोक संतप्त परिजनों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री एवं उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन ने इस दौरान पूर्व मंत्री दिवंगत मन्नान मल्लिक के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की और उनको ढांढ़स बंधाया. उल्लेखनीय है कि झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली.





