पटना: साइबर अपराध के लिए बैंक खातों के इस्तेमाल का एक बड़ा मामला सामने आया है। पटना साइबर थाना पुलिस ने सालिमपुर और बाढ़ इलाके में शिविर लगाकर 400 से अधिक बैंक खाते खुलवाने और उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाने के आरोप में महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ, मुफ्त अनाज और दूसरी सुविधाएं दिलाने का प्रलोभन देकर उनके नाम पर खाते खुलवाए गए।
जांच में सामने आया है कि नालंदा की रहने वाली मां-बेटी गांवों में खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर पहुंचती थीं। ग्रामीणों को शिविर में बुलाने के लिए स्थानीय प्रभावशाली लोगों की मदद ली जाती थी। सालिमपुर में करीब 250 और बाढ़ में लगभग 150 खाते खुलवाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक खाते के बदले करीब 10 हजार रुपये कमीशन दिए जाने की बात सामने आई है। आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में म्यूल अकाउंट के तौर पर किया गया।
मामले की जांच के दौरान मध्य प्रदेश और हैदराबाद पुलिस के पहुंचने के बाद नेटवर्क से जुड़े कई तथ्य सामने आए। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि इन खातों में साइबर अपराध से जुड़ी कितनी रकम आई और इनका इस्तेमाल किन मामलों में हुआ। बैंककर्मियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

