Hindi News / मेदिनीनगर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, आधे घंटे में 10 बच्चे घायल

पलामू : मेदिनीनगर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, आधे घंटे में 10 बच्चे घायल

Edited By:  |
palamu palamu

पलामू:मेदिनीनगर में आवारा कुत्तों का आतंक अब जानलेवा होता दिख रहा है. रविवार शाम नगर निगम क्षेत्र के गांधी मैदान और नई मोहल्ला इलाके में आवारा कुत्ते ने महज आधे घंटे के अंदर 10 मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.स्थानीय लोगों ने किसी तरह बच्चों को कुत्ते के चंगुल से बचाया और उनके परिजन तत्काल इलाज के लिए मेदिनीनगर के MRMCH अस्पताल पहुंचे.

अस्पताल में एक के बाद एक घायल बच्चों के पहुंचने से हड़कंप

अस्पताल में एक के बाद एक घायल बच्चों के पहुंचने से हड़कंप मच गया.बच्चों की चीख-पुकार और परिजनों की चिंता के बीच डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया और एंटी-रेबीज़ वैक्सीन सहित आवश्यक इलाज शुरू किया. राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. नगरवासियों का आरोप है कि गांधी मैदान और आस पास के इलाकों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है. कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है.

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल बच्चों की संख्या बढ़ भी सकती है,क्योंकि कई परिजन अपने बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे हैं.घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर महसूस कर रहे हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मेदिनीनगर नगर निगम आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करेगा, या फिर किसी और बड़ी घटना का इंतजार किया जाएगा,फिलहाल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर पूरे शहर की नजर टिकी हुई है.