Hindi News / चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,जेवर सहित कई सामान बरामद

कोडरमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,जेवर सहित कई सामान बरामद

Edited By:  |
koderma police ki badi karwai koderma police ki badi karwai

कोडरमा: पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. घर में हुई चोरी मामले का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. चोरी का पूरा सामान बरामद किया गया है.घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के ग्राम वृन्दा का है. यहां 8 जुलाई को गुरु प्रसाद साव के घर पर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. इस संबंध में कोडरमा थाना में कांड संख्या 136/26, धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तौफिक अंसारी, निवासी असनाबाद और मो.आतिफ मंसूरी, निवासी करमा को गिरफ्तार किया है. दोनों तिलैया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आभूषण, आर्टिफिशियल जेवर, 2 मोबाइल, 10 हजार नगद और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद किए. साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोडरमा पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.