कोडरमा में कांग्रेस का महाधरना : MMDR बिल के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ हल्लाबोल
कोडरमा: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए खान एवं खनिज संशोधन विधेयक यानी MMDR बिल के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. कोडरमा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आज समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय महाधरना दिया गया. इस धरने में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा में नया खनन बिल पारित कर झारखंड के हितों पर कुठाराघात किया है. नए कानून के जरिए खनिज संसाधनों पर राज्यों के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. नेताओं ने कहा कि झारखंड कोयला, लौह अयस्क और बॉक्साइट जैसे खनिजों से समृद्ध राज्य है और यहां के राजस्व से ही सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी योजनाएं चलती हैं. ऐसे में इस बिल से झारखंड की अर्थव्यवस्था पर सीधा असर पड़ेगा.
कांग्रेस ने इस बिल को वापस लेने की मांग की है और कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा. वहीं,धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है. कुल मिलाकर कोडरमा में कांग्रेस ने MMDR बिल को झारखंड विरोधी बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया है.





