कोडरमा : सड़क हादसे में चलकुशा थाना के एक पुलिसकर्मी की मौत, दूसरा जवान कोमा में और 3 की हालत गंभीर
कोडरमा: जिले से सटे हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस धनबाद से छापेमारी कर लौट रही थी. इस दौरान पुलिस वाहन धनबाद के बरवअड्डा में एक ट्रेलर से जोरदार टकरा गई. इस भीषण घटना में एक पुलिस जवान की मौत हो गई. जबकि, दूसरा जवान कोमा में है और तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल है.
मृतक पुलिस जवान की पहचान कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के तिलोकरी निवासी रामलखन यादव के रुप मे हुई है. वहीं, कोमा में जो जवान है उसकी पहचान कोडरमा के चंदवारा थाना क्षेत्र के बड़कीधमराय निवासी नरेश कुमार के रूप मे हुई है. साथ ही अन्य जिले के तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह घटना धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीटल में हुई है. सभी घायलों को धनबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
बता दें कि हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में पदस्थापित कांस्टेबल राम लखन यादव अपनी टीम के साथ एक मामले के सिलसिले में धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी करने गए थे.पनी कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम मंगलवार की सुबह करीब 3:30 बजे वापस चलकुशालौट रही थी. इसी दौरान जीटी रोड पर जोड़ापीटल के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.





