कटिहार में सफाईकर्मियों की हड़ताल : तीन माह के मानदेय की मांग,नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन
कटिहार:कुरसेला प्रखंड के 79 महिला-पुरुष सफाईकर्मी पिछले पांच दिनों से तीन माह के बकाया मानदेय की भुगतान की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं. मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराज दर्जनों सफाईकर्मी सड़क पर उतर आए और नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारी एनएच-31 से अयोध्यागंज बाजार होते हुए शहीद चौक पहुंचे. इस दौरान सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान करने की मांग की. इसके बाद सभी सफाईकर्मी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और वहां भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया.
सफाईकर्मियों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति हो गई है. सफाईकर्मियों ने यह भी आरोप लगाया है कि हड़ताल के दौरान उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है.इसके अलावा निर्धारित समय से अधिक घंटे काम कराने और काम के दौरान भेदभाव किए जाने को लेकर भी कर्मियों में नाराजगी है.
प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों ने कहा कि वे नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने में लगातार अपनी भूमिका निभाते हैं, लेकिन समय पर मानदेय नहीं मिलने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कर्मियों ने बकाया तीन माह के मानदेय का तत्काल भुगतान करने और उनकी अन्य समस्याओं का समाधान करने की मांग की.
सफाईकर्मियों की हड़ताल का सीधा असर नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है. नगर क्षेत्र के चौक-चौराहों,मुख्य सड़कों और गली-मोहल्लों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है. कचरा नहीं उठाए जाने से कई स्थानों पर दुर्गंध फैल रही है और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
आने वाले रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में भी लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है.ऐसे समय में बाजार और मुख्य सड़कों पर जमा कचरे से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि समय पर कचरा नहीं उठने से दुर्गंध के साथ-साथ संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है.
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से सफाईकर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर हड़ताल समाप्त कराने और नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को जल्द सामान्य कराने की मांग की है.
वहीं, सफाईकर्मियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनके तीन माह के बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती,तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.





