JPSC कार्यालय का घेराव : परीक्षा परिणाम में अनियमितता का आरोप,आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में पैदल मार्च
रांची: 14वीं जेपीएससी में कथित रूप से हुई अनियमितता के विरोध में मंगलवार को अभ्यर्थियों ने रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद विवाद गहरा गया है.जिसके विरोध में बड़ी संख्या में JPSC अभ्यर्थियों ने आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में बापू वाटिका से JPSC कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला. जिसके बादछात्रों ने आयोग कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान अभ्यर्थियों ने आयोग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए परिणाम रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग की.
अभ्यर्थियों का आयोग पर गंभीर आरोप
जेपीएससीअभ्यर्थियों का आरोप लगाया है कि आयोग ने गड़बड़ी करते हुए परीक्षा परिणाम जारी किया है. आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने आयोग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया. उन्होंने आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रश्न पत्र लीक किया जा रहा है और पैसों का खेल कर के सीटें बेची जा रही है. उन्होंने कहा कि जेपीएससी की मनमानी के खिलाफ अभ्यर्थियों का आंदोलन चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा.
बगैर कट ऑफ मार्क के परीक्षा परिणाम जारी करने परअभ्यर्थियों में भारी गुस्सा
14वीं जेपीएससी परीक्षा में हुए अनियमितता को लेकर अभ्यर्थियों में भारी गुस्सा देखने को मिला. अभ्यर्थियों ने कहा कि बगैर कट ऑफ मार्क जारी किए परीक्षा परिणाम प्रकाशित किया गया.उनका कहना है कि आयोग के गाइडलाइन के खिलाफ बगैर सदस्यों के हस्ताक्षर के बिना परीक्षा परिणाम जारी किया गया है.





