झारखंड के प्रखण्ड के लुपुंग गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। घरेलू कलह और आपसी विवाद में एक पिता ने अपने ही कलेजे के टुकड़े यानी छह महीने के मासूम बेटे की जान ले ली।लुपुंग गांव निवासी आकाश कुमार के घर में मंगलवार को किसी बात को लेकर उसकी मां और पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक चल रही थी।घर में मचे इस कोलाहल और कलह के बीच कथित तौर पर आकाश अपना आपा खो बैठा। गुस्से में इस कदर अंधा हुआ कि उसने अपने छह महीने के दुधमुंहे बेटे अंश कुमार को गोद से उठाया और कुएं के पास जमीन पर पटक दिया। सिर में गंभीर और गहरी चोट लगने से मासूम अंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घरवाले उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में वजह केवल घरेलू कलह सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
