JHARKHAND NEWS : झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर पुलिस की बड़ी सफलता, 104 किलोग्राम गांजा जब्त
झारखंड से पश्चिम बंगाल में मैथन डैम के रास्ते होने वाली एक बहुत बड़ी मादक पदार्थों की तस्करी को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एक जॉइंट ऑपरेशन में पुलिस ने 100 से ज्यादा किलो गांजा बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी को देखकर तस्कर गाड़ी छोड़कर भागने में कामयाब रहा।मादक पदार्थों के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मामला शुक्रवार का है, जब पश्चिम बंगाल के खुफिया विभाग को एक गुप्त सूचना मिली।
खबर थी कि झारखंड सीमा पार कर एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में गांजा बंगाल में घुसाने की कोशिश की जा रही है।सूचना मिलते ही खुफिया विभाग तुरंत एक्शन में आ गया। बिना वक्त गंवाए कल्याणेश्वरी चौकी की पुलिस को साथ लिया गया और कल्याणेश्वरी लेफ्ट बैंक से सटे 'पुलिस बागान' इलाके में ताबड़तोड़ नाका चेकिंग शुरू कर दी गई।लेकिन जैसे ही तस्करी कर रही गाड़ी का ड्राइवर पुलिस बागान इलाके के पास पहुंचा, उसे दूर से ही पुलिस की मुस्तैदी का अहसास हो गया। खतरा भांपते ही शातिर ड्राइवर ने नाके से कुछ दूरी पहले ही गाड़ी रोकी, दरवाजा खोला और घने इलाके का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया। काफी देर तक गाड़ी को एक ही जगह लावारिस खड़ा देख पुलिस को शक हुआ। जब टीम ने पास जाकर गाड़ी का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देख अधिकारियों के होश उड़ गए।गाड़ी की सघन तलाशी लेने पर अंदर से कुल 100 पैकेट बरामद किए गए। जब इन पैकेट्स को तौला गया, तो पुलिस के भी कान खड़े हो गए। पैकेट्स के अंदर कुल 104 किलोग्राम गांजा ठसाठस भरा हुआ था, जिसे अवैध रूप से बंगाल के बाजारों में खपाने की तैयारी थी।तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई चार पहिया गाड़ी बिल्कुल नई है। पुलिस की नजरों से बचने के लिए शातिर तस्करों ने इस पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं लगाई थी।





